Month: December 2024

  • नायब तहसीलदार ने घड़याच विद्यालय का किया दौरा, ली जानकारी

    दाड़लाघाट

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घड़याच में सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील अर्की से नायब तहसीलदार डीपी शर्मा ने पाठशाला का दौरा किया जिसमें पाठशाला में चल रहे विभिन्न शैक्षिक व गैर शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली। पाठशाला की इंफ्रास्ट्रक्चर में क्या कुछ सुधार किया जा सकता है इसके लिए पाठशाला स्टाफ के साथ बैठकर चर्चा की तथा भविष्य में इस पाठशाला में शैक्षिक व गैर शैक्षिक गतिविधियों को और अच्छे ढंग से संचालित करने के लिए पाठशाला विकास के लिए योजना तैयार करने के लिए स्टाफ के साथ चर्चा की।शीघ्र ही इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को देने की बात भी कही। इस मौके पर मध्यान भोजन कार्यक्रम को भी देखा तथा उस पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। भविष्य में इस पाठशाला की बेहतरी के लिए क्या कुछ किया जा सकता है इसके सुझाव पाठशाला स्टाफ तथा स्कूल प्रबंधन समिति से शीघ्र देने की अपील की। इस अवसर पर पाठशाला के कार्यकारी प्रधानाचार्य अमरदेव शर्मा व पाठशाला का अन्य स्टाफ तथा उनके साथ आए उनके सहयोगी जय सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

  • राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग ने मनाया अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह

    दाड़लाघाट

    राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता पीएनबी से सेवानिवृत वरिष्ठ प्रबंधक जय देवेंद्र शर्मा ने की। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष हेम चंद ने मुख्य अतिथि के रूप मे शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर ईश्वर वंदना से हुआ। मंच संचालक पुष्पेंद्र ने आकर्षक व प्रभावशाली ढंग से कार्यक्रम का आयोजन करवाया। केंद्रीय मुख्य अध्यापक राम चंद ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के मुख्याध्यापक पीसी बट्टू ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर गुणवता पूर्ण शिक्षा के लिए आगामी योजना सांझा की जिसके लिए अभिभावकों से सहयोग की। प्राथमिक विद्यालय की नर्सरी कक्षा के नन्हे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। सातवीं तथा आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों नंद किशोर,दीक्षांत,लक्ष्य,कृतिका,तन्वी,वरुण आदि ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव एक नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किए। लोगों ने इसका भरपूर आनंद लेते हुए मनोरंजन किया और जागरूकता भी हासिल की। छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आठवीं कक्षा की छात्रा कृतिका के द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसकी सभी दर्शकों ने प्रशंसा की। कार्यक्रम के अध्यक्ष जय देवेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में सभी को बधाई देते हुए बताया कि वह भी इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रह चुके हैं। उन्होंने बच्चों व अभिभावकों से नशे से दूर रहने की अपील की तथा माताओं से विशेष आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को संस्कारित व चरित्रवान बनाने में संपूर्ण सहयोग करें। मुख्य अतिथि हेम चंद ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि वे स्कूल विकास और गुणवाता पूर्ण शिक्षा के लिए हमेशा सहयोग करते रहेंगे। इस अवसर पर राम चंद,नरेश,अंजलि,नरेंद्र,मनोज,पुष्पेंद,प्रकाश,धर्म पाल,हेम राज,विनोद,जय प्रकाश,प्रयोगशाला सहायक हेमराज,क्लर्क सुरेंद्र,दुर्गाराम,लीला,विद्या,रामकली,चंपा,महेश,पवना और कांता उपस्थित रहें।

    पूरे वर्ष में विभिन्न गतिविधियों में शामिल उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शिक्षा में अग्रणी विद्यार्थियों में कृतिका,दीक्षांत,नमन,याचना,ईशान,नंद,शिवम,किशोर,मानस,पंकज,चेतना,यशवी,लक्षिता,प्रियंका को समन्नित किया गया। बोर्ड की दसवीं कक्षा में चेतना,दामिनी और मुस्कान को उनके अभिभावकों के साथ समान्नित किया गया।

  • सरस्वती विद्या मंदिर कशलोग ने मनाया अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण

    दाड़लाघाट

    हिमाचल शिक्षा समिति द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर कशलोग ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया। इस समारोह के मुख्य अतिथि सेवा समिति के संयोजक राजेंद्र ठाकुर रहे। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मां के चरणों में दीप प्रज्वलन से किया। इस आयोजन में विशेष अतिथि तथा मुख्य वक्ता शिक्षा समिति जिला सोलन के अध्यक्ष थे। अभी हाल ही में क्रिकेट रणजी ट्रॉफी के लिए चयनित हुए विद्यालय के पूर्व छात्र दिवेश शर्मा भी मुख्य रूप से आमंत्रित मेहमान रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य अवनिका कपूर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ते हुए वर्ष भर विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों को गिनाया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनेक खूबसूरत प्रस्तुतियां दी और अभिभावकों द्वारा खूब तालियां बटोरी गई। मुख्य अतिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा अपने संबोधन में विद्यार्थियों को संस्कार युक्त शिक्षा ग्रहण करने हेतु उत्प्रेरित किया।इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष मस्तराम शर्मा विद्यालय के संस्थापक सदस्य सभी अभिभावक तथा विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

  • द एसवीएन कुनिहार ने मनाया मंशा उत्सवबच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम द्वारा मोहा सबका मन

    कुनिहार

    द एसवीएन विद्यालय कुनिहार ने मंशा 2024 वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूम- धाम से मनाया ।
    समारोह मे राम लाल मार्कण्डेय पुर्व मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसके अतिरिक्त गौतम सुराना जैन फाउंडर एमपीसी फार्मास्युटिकल बदी विशेष अतिथि के रूप मे कार्यक्रम मे मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ व साथ ही छात्राओ ने सरस्वती वंदना द्वारा देवी सरस्वती का भी आहवाहन किया
    विद्यालय चेयर मेन टीसी गर्ग, निदेशक लूपिन गर्ग ने शॉल टोपी व समृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। विद्यालय निदेशक लुपीन गर्ग ने विद्यालय की शैक्षिक ,खेल व अन्य गतिविधियो संबधित वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की व मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य व्यक्तियो का कार्यक्रम मे स्वागत किया। कार्यक्रम मे विध्यार्थियों ने कई रंगारंग प्रस्तुतिया दी , जिसमे मियूजिकल , नाटी,भगड़ा,लावणी ,व गुजरती नृत्य ने सबका मन मोह लिया और के छात्राओ द्वारा प्रस्तुत लेजी डांस व बाल मजदूरी पर आधारित थीम डांस ने सबका मन मोह लिया।इसके पश्चात मुख्य अतिथि राम लाल मार्कण्डेय ने अपने संदेश मे कहा की यह विद्यालय हर तरह की गतिविधियो मे भाग लेकर जिला व प्रदेश मे नाम रोशन कर रहा है । कार्यक्रम की सराहना करते हुए मुख्यातिथि ने कहा ,कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों के मानसिक विकास के साथ साथ व्यक्तित्व को भी निखारते है। मुख्य अतिथि ने वर्ष भर की शेक्षणिक व अन्य गतिविधियो मे अव्वल रहे मेधावी विधार्थीयों में दसवीं कक्षा अदिति 95 प्रतिशत,निकिता 92 प्रतिशत अंक, आदित्य 88 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया। वही यशिका,कनिष्क, तनिष्क अरोड़ा ,अतुल, हर्षिता, खुशबू, तन्वी, दिव्यांशी, प्रणव, अंशुल, नियति, कार्तिक, हरमनप्रीत आदि को पुरुस्कार देकर समानित किया। कार्यक्रम के समापन पर शिखा शर्मा द्वारा पूरे एसवीएन परिवार की और से उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों का कार्यक्रम मे पधारने के लिए और इसकी शोभा बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जे एन वी प्राचार्या के के यादव, विद्यालय प्रधानाचार्य सिमी खान ,मदन कपूर, पुष्पा गर्ग, सोना गर्ग, निर्मला सैनी,सुनीता ठाकुर, ओपी भारद्वाज सहित अन्य मौजूद रहे।

  • राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ (HGCTA) की अर्की इकाई ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा “सरकारी कर्मचारी नियुक्ति तथा सेवा शर्तें बिल 2024 का काले बिल्ले लगाकर तथा गेट मीटिंग कर जताया विरोध । प्राचार्या के माध्यम से सरकार को दिया ज्ञापन

    अर्की

    राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ (HGCTA) अर्की इकाई ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा “सरकारी कर्मचारी नियुक्ति तथा सेवा शर्तें बिल 2024” का काले बिल्ले लगाकर तथा गेट मीटिंग कर विरोध जताया तथा प्राचार्या के माध्यम से सरकार को ज्ञापन दिया। इस विरोध प्रदर्शन में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों सहित पुस्तकालय प्रभारी भी सम्मिलित हुए। अनुबंध आधार पर नियुक्त कॉलेज प्राध्यापकों ने वर्ष 2009 से लंबी न्याय की लड़ाई लड़कर माननीय उच्च न्यायालय शिमला से न्याय प्राप्त किया
    । माननीय न्यायालय ने अपने फैसले में कर्मचारियों को वरिष्ठता सहित सभी लाभ प्रथम नियुक्ति से देने के फैसले दिए। कुछ प्राध्यापकों को ये लाभ मिल भी चुके हैं परंतु अधिकतर प्राध्यापकों को ये लाभ दिए जाने शेष हैं । प्रदेश सरकार इसी दौरान कर्मचारी विरोधी बिल जिसको 12 दिसंबर, 2003 से लागू माना जाएगा को लेकर आई है ताकि कर्मचारियों को अनुबंध काल को मिलाकर ये लाभ नियुक्ति तिथि से न देने पड़ें तथा माननीय न्यायालय के फैसले को दरकिनार किया जा सके।

    जब प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन स्कीम लागू की थी तो कॉलेज प्राध्यापक संघ ने इसका स्वागत किया था। संघ ने सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा था कि यह सरकार कर्मचारियों के हितों को सुरक्षित रखेगी लेकिन उसके बाद प्रदेश सरकार एक के बाद एक कर्मचारी विरोधी फैसले ले रही है। जैसे कि वर्तमान कर्मचारी विरोधी बिल ।‌ स्टडी लीव पर जाने वाले प्रवक्ताओं को केवल 40% वेतन। पिरियड आधार पर गेस्ट फैकल्टी रखना आदि फैसले छात्रों एवं प्राध्यापकों के हित में नहीं है अतः हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ (एचजीसीटीए) इस बिल को वापस लेने की मांग करती है यदि यह बिल वापस नहीं लिया गया तो कॉलेज प्राध्यापक संघ प्रदेश के अन्य कर्मचारी संगठनों से मिलकर संघर्ष का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा तथा इसकी सारी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की ही होगी।

  • चंडी (अर्की) विद्यालय ने मनाया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह।

    अर्की

    पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की )ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया। इस समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय पंचायत के उप प्रधान तुलसीराम रहे। विशेष अतिथि के रूप में पंचायत प्रधान नोखराम ने शिरकत की। इसके अलावा एस एम सी के सदस्यों सहित अभिभावकों व गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। विभिन्न गतिविधियों के अलावा मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। राहुल जिसने बोर्ड की परीक्षा में नवा स्थान हासिल किया सम्मानित किया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य ओम प्रकाश शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी । इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

  • उच्च न्यायालय का फैंसला:-दाड़लाघाट में प्रभावित किसानों को पुनर्विस्थापन व पुनर्वास योजना के लाभ दे सरकार और कम्पनी

    दाड़लाघाट

    हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है जिसमें सरकार और अंबुजा सीमेंट कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि वे दाड़लाघाट में प्रभावित किसानों को पुनर्विस्थापन और पुनर्वास योजना के लाभ दें। यह आदेश दाड़लाघाट पंचायत के रोडी वार्ड के पूर्व पंचायत सदस्य एवं प्रभावित किसान सभा के अध्यक्ष जगदीश शर्मा द्वारा 2014 में दायर एक याचिका की सुनवाई के बाद दिया गया है। इस याचिका में शर्मा ने मांग की थी कि 1994 से 2006 तक सरकार द्वारा अधिग्रहित की गई भूमि और मकानों के मालिकों को प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई पुनर्विस्थापन और पुनर्वास योजना के लाभ दिए जाएं। उच्च न्यायालय के इस फैसले का सभी प्रभावित किसानों ने स्वागत किया है। जगदीश शर्मा ने कहा है कि यद्यपि यह फैसला देर से आया है, लेकिन प्रभावित किसानों को न्याय मिला है। इस फैसले के अनुसार सरकार और अंबुजा सीमेंट कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि वे दाड़लाघाट में प्रभावित किसानों को पुनर्विस्थापन और पुनर्वास योजना के लाभ दें। इसके अलावा सरकार को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए एक समिति का गठन करें,जो कि मुआवजे की राशि का निर्धारण करेगी। इस फैसले से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत मिलेगी,जो कि अपनी भूमि और मकानों के अधिग्रहण के कारण प्रभावित हुए थे। यह फैसला प्रभावित किसानों के अधिकारों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

  • एग्रीकल्चरल रिसर्च सर्विस 2023 में वैज्ञानिक के रूप में हुआ हरीश का चयन

    दाड़लाघाट

    सरस्वती विद्या मंदिर दाड़लाघाट के पूर्व छात्र हरीश शर्मा का चयन एग्रीकल्चरल रिसर्च सर्विस 2023 में वैज्ञानिक के रूप में हुआ है। पंचायत दाड़लाघाट के स्यार काटली से एक बेहद ही साधारण परिवार से संबंध रखने वाले हरीश शर्मा ने 2011 में अपनी जमा दो तक की स्कूली शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर दाड़लाघाट से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डॉ वाई.एस.परमार वानिकी विश्वविद्यालय नौणी (सोलन) से बी.एस.सी. फॉरेस्ट्री (ऑनर्स) की डिग्री 2015 में पूर्ण की। एम.एस.सी. एग्रो फॉरेस्ट्री की डिग्री 2017 में पूर्ण करने के बाद हरीश ने एग्रोफोरेस्ट्री 2022 में अपनी पीएचडी की उपाधि हासिल की। वर्तमान में हरीश शर्मा डीएवी यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनका चयन एग्रीकल्चरल रिसर्च सर्विस 2023 में वैज्ञानिक के रूप में होना एक बड़ी उपलब्धि है और यह उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में मनाया गया जल दिवस।

    दाड़लाघाट

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से जल दिवस मनाया गया। जल दिवस पर विद्यार्थियों को जल के महत्व पर प्रकाश डाला गया और जल को कैसे संरक्षित किया जाए इस पर विस्तृत चर्चा की गई। अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की ओर से आरती सोनी,मदन शर्मा तथा उनकी टीम ने विद्यार्थियों से “जल संरक्षण” इस विषय को आशय मानकर पेंटिंग, मॉडल तथा नाटक प्रतियोगिताएं करवाई गई। इसी प्रकार मंजू बाला तथा मीनू राणा ने इस विषय को लेकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई। इन प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सौजन्य से प्रधानाचार्य हंसराज शर्मा तथा तेजेंद्र शर्मा द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्य हंसराज शर्मा ने विद्यार्थियों को इस दिवस की महत्ता पर अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि इस दिवस को मनाने की सार्थकता तभी है यदि हम आप सभी जल की एक एक बूंद का महत्व को समझे और इसका संरक्षण हर तरीके से करें।

  • कैसा रहेगा आज आपका दिन पढ़ें सम्पुर्ण राशिफ़ल

    राशिफ़ल(भार्गव)

    मेष
    20-12-2024

    ♈ मेष :

    आज मेष राशि से अष्टम भाव में हो रहा चंद्रमा का गोचर इनके लिए कुछ उलझन और परेशानियों को बढ़ाने वाला होगा। आपको आज कार्यक्षेत्र के साथ ही साथ पारिवारिक जीवन में भी तनाव मिल सकता है। कोई सोचा हुआ काम आज अटक सकता है। परिवार में आज किसी महिला के कारण आपको तनाव मिल सकता है। आपके लिए बेहतर होगा कि आप आज वाद-विवाद वाले मामलों से दूर रहें। सेहत के मामले में भी आज मेष राशि के जातकों को अपना ध्यान रखना होगा। खर्च का अचानक ही संयोग बन सकता है। बिजनस में आपको आज लाभ मिलेगा लेकिन आपको बहुत ही धैर्य और संयम से काम लेना होगा। किसी पर भी आंख बंद करके भरोसा करने से आपको बचना होगा।

    शुभ दिशा: दक्षिण पूर्व

    भाग्यशाली अंक: 6

    शुभ रंग: हरा

    वृष
    20-12-2024

    ♉ वृषभ :

    वृषभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन कुल मिलाकर सुखद रहेगा। वैवाहिक जीवन में इनके आपसी प्रेम और सद्भाव आज बना रहेगा। आपके लिए आज सितारे बताते हैं कि आपको साझेदारी के काम में संभलकर व्यवहार करना होगा। किसी बात को लेकर साझेदारों से मतभेद हो सकता है। आर्थिक मामलों में आपको कुछ गैर जरूरी खर्चे आज करने होंगे। सामाजिक क्षेत्र में आपको सम्मान मिल सकता है। धर्म कर्म के काम में आपका सहभागी बनेंगे। लव लाइफ में प्रेमी के साथ संयमित व्यवहार करें नहीं तो आज मनमुटाव हो सकता है। सलाह हैं जल्दबाजी में कोई भी निर्णय लेने से बचें।

    भाग्यशाली दिशा: दक्षिण पश्चिम

    भाग्यशाली संख्या: 7

    भाग्यशाली रंग: भूरा रंग

    मिथुन
    20-12-2024

    ♊ मिथुन :

    मिथुन राशि के लिए आज सितारे बताते हैं कि आपके लिए आज का दिन करियर कारोबार के मामले में अनुकूल रहेगा। आज आप अपने कार्यक्षेत्र में अधिकारियों से लाभ और सम्मान पा सकते हैं। आपको आज प्रोत्साहन भी प्राप्त होगा। लेकिन पारिवारिक जीवन के मामले में आज आपको थोड़ा संभलकर चलना होगा। परिवार के सदस्यों के बीच कोई विवाद होता है, तो उस पर चुप रहना ही आपके लिए बेहतर होगा। वैवाहिक जीवन में भी आपको वाणी पर संयम रखना होगा नहीं तो जीवनसाथी के साथ कहासुनी हो सकती है। जो लोग बीमार चल रहे हैं उन्हें अपनी सेहत को लेकर आज सजग रहने की जरूरत है क्योंकि आपकी परेशानी बढ़ सकती है।

    भाग्यशाली दिशा: दक्षिण पूर्व

    भाग्यशाली संख्या: 4

    भाग्यशाली रंग: बैंगनी रंग

    कर्क
    20-12-2024

    ♋ कर्क :

    कर्क राशि के जातकों के लिए सितारे बताते हैं कि आप आज सामाजिक कार्यों में सहभागी बनेंगे और इसका आपको आज लाभ भी प्राप्त होगा। जो लोग लंबे समय से रोजगार के लिए प्रयास कर रहे हैं उन्हें आज कोई बेहतरीन अवसर प्राप्त हो सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। लव लाइफ के मामले में आज का दिन अच्छा रहेगा। आपके प्यार को परिवार की हरी झंडी मिल सकती है। आज शाम के समय आपकी मुलाकात किसी पुराने मित्र से होगी जिससे कुछ पुरानी यादें ताजा होंगी। बच्चों की खुशी के लिए पार्टी का आयोजन कर सकते हैं।

    भाग्यशाली दिशा: उत्तर पश्चिम

    भाग्यशाली संख्या: 6

    भाग्यशाली रंग: नारंगी रंग

    सिंह
    20-12-2024

    ♌ सिंह :

    आज का दिन सिंह राशि के जातकों के लिए उत्साहवर्धक और कामयाबी दिलाने वाला रहेगा। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में काम करने वाले आज जनसमर्थन प्राप्त होगा। सरकारी क्षेत्र से संबंधित आपका काम आज बन सकता है। आज आपको संतान पक्ष से कोई ऐसा समाचार सुनने को मिलेगा जिसका आप काफी समय से इंतजार कर रहे थे। आज आपके परिवार के सदस्यों के साथ आपके संबंधों में अनबन चल रही थी, वह भी आज समाप्त हो जाएगी और आपके रिश्ते बेहतर हो जाएंगे।

    भाग्यशाली दिशा: उत्तर पश्चिम

    भाग्यशाली संख्या: 3

    भाग्यशाली रंग: बैंगनी रंग

    कन्या
    20-12-2024

    ♍ कन्या :

    आज का दिन कन्या राशि के जातकों के लिए अत्यंत शुभ फलदायक रहेगा। चंद्रमा का संचार आपकी राशि से तीसरे भाव में होने से आपके प्रभाव में वृद्धि होगी। रचनात्मक कार्यों में प्रगति हो सकती है। जीवनसाथी की प्रगति देखकर प्रसन्न होंगे। आज आज आप अपनी दैनिक जरूरतों के साथ ही धार्मिक कार्यों पर भी धन खर्च करेंगे। भाइयों से आपको अपेक्षित सहयोग मिेलेगा। दोस्त और पड़ोसियों के साथ तालमेल बनाकर रखें इनसे भी आपको आज फायदा मिल सकता है। ससुराल पक्ष से भी आज आपको लाभ मिलता दिख रहा है।

    भाग्यशाली दिशा: उत्तर पश्चिम

    भाग्यशाली संख्या: 7

    भाग्यशाली रंग: पीला रंग

    तुला
    20-12-2024

    ♎ तुला

    तुला राशि के जातकों के लिए आज का दिन सामान्य रूप से अनुकूल रहेगा। आज आपकी मुलाकात किसी प्रियजन से होगी, जिससे आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। आज लंबे समय से रुके हुए किसी काम के पूरा हो जाने से आपका मन प्रसन्न होगा। आपका आत्मविश्वास आज बढा रहेगा जिसका लाभ आज आपको कार्यक्षेत्र में प्राप्त होगा। अगर आज आप अपने घर के किसी रुके हुए काम को पूरा करने की सोच रहे हैं तो आज उसे पूरा करने में जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा।

    भाग्यशाली दिशा: पश्चिम

    भाग्यशाली संख्या: 6

    भाग्यशाली रंग: नीला रंग

    वृश्चिक
    20-12-2024

    ♏ वृश्चिक :

    वृश्चिक राशि के सितारे बताते हें कि आज का दिन आपके लिए लाभप्रद होगा। आज आपको कमाई के अन्य स्रोत प्राप्त हो सकते हैं जिससे आपके धन में वृद्धि होगी। अगर आप कोई जमीन या मकान खरीदना चाह रहे हैं तो कागजात और सभी पक्षों की जानकारी जरूर कर लें नहीं तो धोखा हो सकता है। अगर आपका कोई सरकारी काम काफी समय से रुका हुआ है वह आज पूरा हो सकता है। आज आपको किसी के मामले में दखल देने से बचना होगा, नहीं तो परेशानी हो सकती है। आपके लिए आज सफलता का मंत्र है कि धैर्य पूर्वक कोई भी काम करें।

    भाग्यशाली दिशा: पूर्व

    भाग्यशाली संख्या: 9

    भाग्यशाली रंग: लाल रंग

    धनु
    20-12-2024

    ♐ धनु :

    धनु राशि के लिए आज सितारों का कहना है कि आज आपकी निर्णय क्षमता में सुधार होगा। ऐसे में किसी की बातों में आकर कोई भी निर्णय लेने की बजाय सोच समझकर फैसला लेंगे जिससे आपको करियर में लाभ मिलेगा। निवेश के मामले में भी आज का दिन आपके लिए अच्छा है लेकिन खर्च आज बना रहेगा। आज आप अपने माता-पिता से सहयोग और आशीर्वाद भी पा सकेंगे। पैतृक संपत्ति से सुख मिलने का भी योग बना हुआ है। आज आपको ससुराल पक्ष से आर्थिक लाभ भी मिलता दिख रहा है, लेकिन राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन कुछ उतार चढाव वाला रहेगा।

    भाग्यशाली दिशा: उत्तर पूर्व

    भाग्यशाली संख्या: 5

    भाग्यशाली रंग: लाल रंग

    मकर
    20-12-2024

    ♑ मकर :

    आज का दिन मकर राशि के जातकों के लिए मिलाजुला रहेगा। वैसे आज अच्छी बात यह रहेगी कि आपको हर मामले में जीवनसाथी का सहयोग और सानिध्य मिलता रहेगा। नौकरी कर रहे लोगों को आज अपने वरिष्ठों से तारीफ मिल सकती है, जिससे काम के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा। आर्थिक पक्ष मजबूत होगा, कारोबार में आपको लाभ का अवसर मिलता रहेगा। आज आप घरेलू सामान की खरीदारी कर सकते हैं। कोई अच्छी डील मिल जाने से बिना प्लान के भी कई चीजों की खरीदारी कर सकते हैं।

    भाग्यशाली दिशा: पूर्व

    भाग्यशाली संख्या: 5

    भाग्यशाली रंग: नीला रंग

    कुंभ
    20-12-2024

    ♒ कुंभ :

    आज का दिन कुंभ राशि के जातकों के लिए उत्साहवर्धक रहेगा। आपके आत्मविश्वास में आज वृद्धि होगी, जिसे देखते हुए आपके व्यवसाय में विरोधी भी आपसे परास्त होंगे और आपका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। आज आपको हर मामले में परिवार से सहयोग मिलता नजर आ रहा है। भाई बहनों से आपको आज सहयोग और उचित मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आर्थिक दृष्टि से किए गए प्रयासों में आज आपको सफलता मिलेगी। यदि आज आप किसी से पैसों का लेनदेन करते हैं तो ऐसा करते समय सावधानी बरतें, अन्यथा आपका पैसा फंस सकता है।

    भाग्यशाली दिशा: दक्षिण

    भाग्यशाली संख्या: 9

    भाग्यशाली रंग: बैंगनी रंग

    मीन
    20-12-2024

    ♓ मीन :

    मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन सुखद और आनंददायक रहेगा। संतान की ओर से कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। यदि लंबे समय से परिवार में किसी बात को लेकर तनाव चल रहा है तो आज बातचीत से समस्या का समाधान हो सकता है। बिजनेस करने वाले लोगों को आज किसी पर भी भरोसा करने से पहले पूरी बात सुनने और समझने की जरूरत होगी, अन्यथा धोखा मिल सकता है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। धर्म कर्म के कार्यों से जुड़े पारिवारिक कार्यों से जुड़े जातकों के लिए आज का दिन लाभप्रद होगा। यात्रा की प्लानिंग भी आज हो सकती है।

    भाग्यशाली दिशा: पश्चिम

    भाग्यशाली संख्या: 8

    भाग्यशाली रंग:गुलाबी